शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करना लोकतंत्र की खूबसूरती है, लेकिन शिक्षकों का विरोध अराजकता कैसे हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में प्रदेश का हर वर्ग सरकार के खिलाफ होगा तथा तानाशाहीपूर्ण रवैया नहीं चलेगा। जयराम ठाकुर ने शिमला में अपने सरकारी आवास पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ प्रदर्शन करने के साथ रोड शो निकालते हैं। इस दौरान पार्टी प्रभारी और मंत्रियों की उपस्थिति में चुनाव आयोग की संपत्ति क्षतिग्रस्त करने के साथ चुनाव आयोग को चोर आयोग लिखा जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के कार्यालय में आग लगाने की धमकी देने वाले कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं को संरक्षण मिलता है, जबकि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों के प्रदर्शन पर रोक लगाने का फरमान जारी किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग की तरफ से करवाए चुनाव में जीतकर सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बनते हैं, उसी चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लोकतंत्र की खूबसूरती बताया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था परिवर्तन वाली सुक्खू सरकार के ये दोहरे मापदंड अब ज्यादा नहीं चल सकते।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से झूठी गारंटियों और वायदों के नाम पर वोट चोरी करके कांग्रेस ने हिमाचल में सरकार बनाई है, आने वाले दिनों में वही वर्ग सरकार के खिलाफ होगा। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऊना के दोहरे हत्याकांड की घटना को विचलित करने वाला बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दबोली में पति-पत्नी की हत्या दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक है। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत सुधारने की तरफ सरकार को ध्यान देने को कहा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
नेता प्रतिपक्ष से मिले भाजपा नेता व कार्यकर्त्ता
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिमला में भाजपा नेता व कार्यकर्त्ताओं ने मुलाकात की। भाजपा के बड़े नेताओं, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्त्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष को दीवाली की बधाई भी दी।