दीपावली के अगले दिन सोमवार को हरियाणा के कुछ हिस्सों में वायु गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। हरियाणा के बहादुरगढ़ में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 395 दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, रोहतक में 385, चरखी दादरी में 379, फरीदाबाद में 342, गुरुग्राम में 328 और जींद में 305 एक्यूआई दर्ज किया गया। अंबाला में एक्यूआई 211, हिसार में 251 और पानीपत में 201 दर्ज किया गया।
जानकारी हो कि एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब', 401 से 450 को 'गंभीर' और 450 से अधिक को 'अत्यधिक गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।