डेराबस्सी/एस.ए.एस. नगर : जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत जनसंख्या गणना की शुरुआत के अवसर पर डेराबस्सी हलके के विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने आज अपने पैतृक गांव बाकरपुर टैंकी में डिजिटल पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी की।
तहसील डेराबस्सी के प्रशासन द्वारा स्व-गणना अभियान के तहत आज सुबह यह प्रक्रिया पूरी करवाई गई। इस अवसर पर फील्ड ट्रेनर श्रीमती रुचि शर्मा, अंग्रेजी लेक्चरर, पी.एम. श्री मुबारकपुर स्कूल तथा एन्यूमरेटर श्री जसविंदर सिंह, साइंस मास्टर, जड़ौत द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया।
स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने के बाद विधायक श्री कुलजीत सिंह रंधावा ने डेराबस्सी हलके सहित जिले के सभी निवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा घर बैठे ही सरकारी डिजिटल पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार एवं मकान से संबंधित विवरण दर्ज करवाएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्य की भविष्य की विकास योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विस्तार तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और सही जानकारी दर्ज करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की सुविधा से लोग घर बैठे आसानी से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करवा सकते हैं।
विधायक ने यह भी अपील की कि ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने के बाद प्राप्त होने वाली स्व-गणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित संभालकर रखें, क्योंकि दिसंबर माह में घर-घर आने वाले गणनाकारों द्वारा जानकारी के सत्यापन के दौरान इसकी आवश्यकता होगी।
उन्होंने सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना बहुमूल्य योगदान देने की अपील करते हुए कहा कि सटीक जनगणना बेहतर योजनाबंदी और सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है।