अमृतसर/चंडीगढ़/जालंधर : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी के 2 नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 2 नाबालिगों समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही हत्या के प्रयास और छीना-झपटी के एक सनसनीखेज मामले को भी सुलझा लिया है।
पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने गत दिन यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध पिस्तौलें, 9 जिंदा कारतूस और 4 किलो हैरोइन बरामद की है। बरामद हथियारों में दो .32 बोर पिस्तौल, एक 9 एम.एम. पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल और एक ग्लॉक 9 एम.एम. पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों का एक होंडा एक्टिवा स्कूटर भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव भकना कलां निवासी हरप्रीत सिंह (34), गांव चाविंडा कलां निवासी मलकीत सिंह उर्फ मीता (27), तरनतारन के गांव नौशहरा ढाला निवासी सुखदेव सिंह उर्फ सुख (24), अमृतसर के गांव राजाताल निवासी करनदीप सिंह उर्फ कालू (24), खंडवाला निवासी रोहित उर्फ छोही (21) और कविजीत सिंह (21), भल्ला कॉलोनी निवासी संजय कुमार उर्फ मोट्टा (24) तथा 2 नाबालिगों के रूप में हुई है।
अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहली कार्रवाई में थाना कैंटोनमेंट की पुलिस टीमों ने विशेष सूचना के आधार पर मलकीत सिंह उर्फ मीता, सुखदेव सिंह उर्फ सुख, करनदीप सिंह उर्फ कालू और 2 नाबालिगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 2 पिस्तौलें, 4 जिंदा कारतूस और 4 किलो हैरोइन बरामद की गई। इसी कड़ी में दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .32 बोर की 2 पिस्तौलें और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए।
तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने हत्या के प्रयास और छीना-झपटी के मामले को सुलझाते हुए रोहित उर्फ छोही, कविजीत सिंह और संजय कुमार उर्फ मोट्टा को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक ग्लॉक 9 एम.एम. पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में शिकायतकर्त्ता इंदरप्रीत सिंह पर 3 अज्ञात हमलावरों ने गोली चलाई थी, जिससे उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। हमलावर उससे 3,000 रुपए नकद, एक आर्टिफिशियल कड़ा और एक अंगूठी छीनकर फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना ए-डिवीजन में मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में पता चला कि आरोपी संजय कुमार को विदेश में बैठे हैंडलरों की ओर से पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का काम भी सौंपा गया था। इस संबंध में 3 अलग-अलग एफ.आई.आर. दर्ज की गई हैं।