फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सेक्टर-21C की है, जहां पड़ोसी के साथ पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उन्हें 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 15 राउंड फायर किए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच पार्किंग में कुत्ते को गंदगी कराने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मोनू का बेटा पार्किंग में अपने डॉग को पॉटी कराता था, जिसका परमजीत का परिवार विरोध करता था। शुक्रवार रात को भी पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर परमजीत और मोनू के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पिस्टल निकालकर परमजीत पर गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल परमजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटे ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी सूचना
घटना के बाद परमजीत के बेटे शौर्या ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
भांजे की शादी में शामिल होने सिंगापुर से आए थे परमजीत
सूरजकुंड थाना पुलिस के अनुसार, परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे और टेक महिंद्रा में एशिया हेड के पद पर कार्यरत थे। वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए दो दिन पहले ही सिंगापुर से फरीदाबाद लौटे थे। उनके भांजे की शादी 24 नवंबर को होनी है। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटना से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।