मंडी : हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय से हाटी समुदाय के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने समुदाय के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। आज मंडी में जयराम ठाकुर ने आत्मीय अंदाज में कहा कि हाटी समुदाय के लोग उन्हें प्यार से 'मामा' कहकर पुकारते हैं और इस बड़ी जीत के लिए मामा की तरफ से सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि न्यायालय के इस निर्णय से अब सारी बाधाएं दूर हो गई हैं और हाटी समुदाय को उनका हक मिलना शुरू हो गया है।
तीन वर्षों के इंतजार के बाद खारिज हुईं तीनों याचिकाएं
जयराम ठाकुर ने कहा कि तीन वर्षों के लंबे संघर्ष और इंतजार के बाद पिछले कल हाईकोर्ट ने तीनों याचिकाओं को खारिज करते हुए हाटी समुदाय को उनका हक दिलाने के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय दिया है। उन्होंने उल्लेख किया कि केंद्र की मोदी सरकार ने हाटी समुदाय के दर्द को समझते हुए उन्हें जनजातीय का दर्जा दिया था, लेकिन कुछ लोगों द्वारा हाईकोर्ट चले जाने के कारण यह मामला अधर में लटक गया था। अब कोर्ट के फैसले से समुदाय को बड़ी राहत मिली है।
सुक्खू सरकार पर लगाया लापरवाही और लेटलतीफी का आरोप
इस दौरान जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हाटी समुदाय को उनका हक दिलाने में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे सीएम थे, तो हाटी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल के साथ केंद्रीय गृह मंत्री से मिले थे और यह दर्जा दिलाने की मांग रखी थी। केंद्र सरकार ने इस मांग पर बिल लाकर उसे लोकसभा और राज्यसभा से पास करवा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में जब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ, तो सुक्खू सरकार ने बार-बार इस पर जवाबतलबी करके हाटी समुदाय को उनका हक दिलाने में विलंब किया। कांग्रेस सरकार की इसी लेटलतीफी के कारण 50 दिनों के बाद यह हक मिलना शुरू हो पाया था।