मंडी : कांग्रेस का पूरा इतिहास संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के अपमान से भरा रहा है। देश में आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचलना, निर्वाचित राज्य सरकारों को बार-बार बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग करना और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाना हमेशा से कांग्रेस की कार्यशैली का हिस्सा रहा है। ये आरोप पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आज सियासी मंचों से संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस को पहले अपने इतिहास में झांकना चाहिए।
अनुच्छेद 356 का 90 बार दुरुपयोग, इंदिरा राज में 51 बार लगा राष्ट्रपति शासन
नेता प्रतिपक्ष ने ऐतिहासिक आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा लगभग 90 बार अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर राज्यों की चुनी हुई बहुमत वाली सरकारों को केवल इसलिए बर्खास्त किया गया, क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व को वे नेता और राजनीतिक दल पसंद नहीं थे। उन्होंने कहा कि अकेले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगभग 16 वर्ष के कार्यकाल में 51 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया। यानी औसतन हर चौथे महीने एक राज्य की निर्वाचित सरकार बर्खास्त की गई। जयराम ठाकुर ने बताया कि इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान विभिन्न राज्यों में कुल 12,943 दिनों तक राष्ट्रपति शासन लागू रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि संविधान और जनादेश का इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है?
42वें संशोधन से बदली गई संविधान की उद्देशिका
पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर संविधान के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से संविधान में व्यापक बदलाव किए गए। यहां तक कि संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) को बदलने का काम भी कांग्रेस ने ही किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान केवल राजनीतिक लाभ लेने का माध्यम नहीं है, बल्कि उसकी भावना, मर्यादा और मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल का दायित्व है।
लोकतंत्र की आत्मा और नागरिक अधिकारों का आधार है संविधान
संविधान की महत्ता का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा, देश की एकता-अखंडता और नागरिकों के अधिकारों का मुख्य आधार है। उन्होंने कहा कि 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था और यह ऐतिहासिक दिन हमें संविधान निर्माताओं के अतुलनीय योगदान का स्मरण कराता है।