चंडीगढ़ : हरियाणा को वैश्विक निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूनाइटेड किंगडम (UK) दौरे के पहले ही दिन निवेश और औद्योगिक सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पहुंचे उच्चस्तरीय हरियाणा प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिटेन के उद्योग जगत, वैश्विक निवेशकों और प्रवासी भारतीयों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को सामने रखा। मुख्यमंत्री ने इन बैठकों के माध्यम से हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, निवेश अनुकूल नीतियों, आधुनिक आधारभूत ढांचे और कुशल मानव संसाधन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया कि हरियाणा का उद्देश्य केवल विदेशी निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि ऐसे औद्योगिक और व्यावसायिक साझेदारी के अवसर तैयार करना है, जिनसे प्रदेश में नए उद्योग स्थापित हों, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिले। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग के साथ निवेश पर रणनीतिक चर्चा
यूके पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त कुमारन पेरियासामी और डिप्टी हाई कमिश्नर कार्तिक पांडे ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा उनके नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उच्चायुक्त और प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में हरियाणा और ब्रिटेन के बीच औद्योगिक एवं आर्थिक संबंधों को विस्तार देने, ब्रिटिश कंपनियों को हरियाणा में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने और दोनों देशों के बीच कारोबारी सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राज्य की भौगोलिक स्थिति, दिल्ली-एनसीआर से निकटता, बेहतर सड़क एवं परिवहन नेटवर्क, औद्योगिक क्षेत्रों की उपलब्धता और कुशल कार्यबल इसे निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बनाते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतिगत वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रवासी हरियाणवियों को निवेश का भागीदार बनाने की पहल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूके में बसे प्रवासी भारतीयों के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी बैठक की। इस दौरान प्रवासी भारतीयों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में हरियाणा और ब्रिटेन के बीच व्यापारिक, औद्योगिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाने के साथ-साथ प्रवासी भारतीयों की विशेषज्ञता, अनुभव और अंतरराष्ट्रीय कारोबारी नेटवर्क का हरियाणा के विकास में उपयोग करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीयों के साथ शैक्षणिक सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। विशेष रूप से स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने पर विचार किया गया।
इस पहल के माध्यम से सरकार प्रवासी भारतीयों को हरियाणा की विकास यात्रा से जोड़ने और उन्हें प्रदेश में निवेश एवं औद्योगिक सहयोग का सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कृषि प्रधान राज्य से औद्योगिक शक्ति तक हरियाणा की पहचान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठकों में हरियाणा की बदलती आर्थिक पहचान को प्रमुखता से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा अब केवल कृषि प्रधान राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, आईटी, सेवा क्षेत्र, खेल, शिक्षा और उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम, कुशल मानव संसाधन, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के अनुकूल नीतियां मौजूद हैं। सरकार का प्रयास है कि इन विशेषताओं का लाभ उठाकर अधिक से अधिक वैश्विक कंपनियों को हरियाणा से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने निवेश प्रक्रियाओं को सरल बनाने, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियां तैयार करने और निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने की सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
जर्मनी में भी होगा हरियाणा की औद्योगिक क्षमता का प्रदर्शन
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए सुनियोजित तरीके से प्रयास कर रही है। यूके दौरे के दौरान वैश्विक निवेशकों, प्रमुख उद्योगपतियों, बिजनेस लीडर्स, शैक्षणिक संस्थानों, ब्रिटिश सांसदों और हरियाणा मूल के प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद एवं बैठकें प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि इसके बाद जर्मनी में हरियाणा स्टेट रोड-शो के माध्यम से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और उद्योग अनुकूल नीतियों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी काम किया जाएगा।
निवेश से रोजगार तक मुख्यमंत्री की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इस विदेश दौरे का महत्वपूर्ण पहलू निवेश को रोजगार और प्रदेश के आर्थिक विकास से जोड़ना है। सरकार का जोर ऐसे निवेश पर है, जिससे हरियाणा में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, आधुनिक तकनीक का विस्तार, कौशल विकास और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।
यूके दौरे के पहले दिन हुई बैठकों से हरियाणा सरकार की वैश्विक निवेश संपर्क रणनीति को आगे बढ़ाने का प्रयास स्पष्ट दिखाई दिया। मुख्यमंत्री स्वयं उद्योगपतियों, निवेशकों और प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद कर प्रदेश की संभावनाओं को सामने रख रहे हैं। अब इस दौरे के आगामी कार्यक्रमों में होने वाली कारोबारी बैठकों, निवेश प्रस्तावों और संभावित एमओयू पर उद्योग जगत की निगाहें रहेंगी।