शिमला : हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया और चिट्टा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए प्रदेश सरकार अब तकनीक और सख्त कानून का एक साथ इस्तेमाल करने जा रही है। नशा तस्करी से जुड़ी सूचनाएं सांझा करने के लिए सरकार जल्द ही एक विशेष व्हाट्सएप चैटबॉट आरंभ करेगी। इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखते हुए नशा तस्करों की जानकारी सीधे प्रशासन को दे सकेंगे। साथ ही, इस प्लेटफॉर्म पर नशे से प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिजनों को उपचार, परामर्श (काउंसलिंग) और पुनर्वास संबंधी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। मंगलवार को शिमला से जारी एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस अभियान की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए प्रदेश के युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला व युवक मंडलों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवी संस्थाओं से एंटी-चिट्टा अभियान को एक व्यापक जनांदोलन बनाने का आह्वान किया।
21 पुलिसकर्मियों समेत 51 कर्मचारी बर्खास्त, सरकारी भर्ती में होगा ड्रग टैस्ट
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नशे से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। अब तक नशे के मामलों में संलिप्त पाए गए 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सरकारी सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि अन्य के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई जारी है। इसके अलावा, प्रशासनिक तंत्र को नशामुक्त रखने के लिए अब सरकारी सेवाओं में भर्ती के दौरान ड्रग टैस्ट सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
92 करोड़ की संपत्ति जब्त, 22 तस्करों के अवैध निर्माण ध्वस्त
नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए सरकार ने पिछले साढ़े 3 वर्षों में अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 92 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की हैं। प्रदेश के इतिहास में पहली बार नशे से अर्जित 48 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति को स्थायी रूप से सरकार के नाम स्थानांतरित किया गया है। इसके अतिरिक्त, एनडीपीएस आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जुड़ी 86 संपत्तियों की पहचान की गई है। इनमें से 22 संपत्तियों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए एक समर्पित राजस्व अधिकारी नामित किया जा रहा है।
4 वर्षों में 12,302 गिरफ्तारियां, निरोधात्मक कार्रवाई में हिमाचल देश में दूसरे स्थान पर
मुख्यमंत्री ने आंकड़ों का ब्योरा देते हुए बताया कि सभी संबंधित विभागों और केंद्रीय एजेंसियों को आपसी समन्वय व जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले 4 वर्षों में प्रदेश में एनडीपीएस के तहत 7,950 मामले दर्ज कर 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा सहित भारी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए। वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद से अब तक 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया है, जिनमें से 159 तस्करों पर वर्ष 2026 में कार्रवाई हुई है। इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने में हिमाचल प्रदेश पूरे देश में दूसरे स्थान पर है।
246 संवेदनशील पंचायतों पर विशेष नजर, 9,677 शिक्षण संस्थान तंबाकू मुक्त
पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ सरकार उपचार और जागरूकता पर भी जोर दे रही है। प्रदेश की 246 अत्यधिक नशा प्रभावित पंचायतों को चिन्हित कर विशेष निगरानी में रखा गया है। अब तक लगभग 12 हजार ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जा चुकी है, जिन्हें उपचार और पुनर्वास से जोड़ा जाना है। इसके लिए काउंसलिंग नेटवर्क का विस्तार और आउट-पेशेंट उपचार व्यवस्था का मानकीकरण किया जा रहा है। वहीं, शैक्षणिक संस्थानों को सुरक्षित रखने के लिए जून से अगस्त 2026 के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा 158 स्कूलों को गोद लिया गया और 332 संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। वर्तमान में प्रदेश के लगभग 9,677 शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित किया जा चुका है।