चंडीगढ़ : नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश देने और युवाओं को खेलों एवं स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से सिरसा जिला के कालांवाली में कल 22 नवंबर को यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस मैराथन को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रात: 6 बजे झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन के लिए कुल 1 लाख 40 हजार 716 पंजीकरण हुए हैं। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस मैराथन के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान रॉकस्टार एमडी, एमपी अटवाल एवं उनकी टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी। उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर की रन फॉर फन के प्रतिभागी परशुराम चौक से होते हुए बाईपास रोड पर पहुंचेंगे। यहां से नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड होते हुए मेन रोड पर पहुंचेंगे। इसके बाद धावक ओवरब्रिज के नीचे से रेलवे लाइन के पास फाटक की ओर जाने वाले मार्ग से होते हुए वापस अनाज मंडी पहुंचेंगे।
इसी प्रकार, 10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागी मुख्य आयोजन स्थल से रवाना होकर परशुराम चौक होते हुए बाईपास रोड से नायरा पेट्रोल पंप के सामने से थाना रोड से ओवरब्रिज के ऊपर से होते हुए इसी मार्ग पर तारूआना गांव से 200 मीटर आगे से यू टर्न लिया जाएगा और इस दौड़ का कालांवाली में ओवरब्रिज से पहले समापन होगा।
उन्होंने आगे बताया कि 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन के धावक मुख्य आयोजन स्थल से परशुराम चौक होते हुए बाईपास रोड, नायरा पेट्रोल पंप के आगे से थाना रोड के रास्ते मैन रोड पर आएंगे, यहां से ओवर ब्रिज के ऊपर से होते हुए कुरंगावाली गांव के पास (वृक्ष नंबर 142) से वापिस यू-टर्न लेंगे। 10 व 21 किलोमीटर की श्रेणियां की दौड़ का ओवर ब्रिज से पहले ही फिनिश पॉइंट रखा गया है जहां पर टीम उन्हें रिसीव करेगी।
प्रवक्ता यह भी बताया कि कालांवाली यूथ मैराथन में 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए ओवरऑल श्रेणियों के साथ-साथ अलग-अलग आयु वर्गों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें 21 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 37,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार 10 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि आयु वर्ग के अनुसार अंडर-18, 18 से 45 वर्ष, 45 से 60 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इन सभी आयु वर्गों में 21 किलोमीटर दौड़ के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमश: 10 हजार, 7,500 और 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, 10 किलोमीटर दौड़ में आयु वर्ग के अनुसार प्रथम स्थान पर 7,500 रुपये, द्वितीय स्थान पर 5 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 3 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।