चंडीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि ‘‘विदेशों को ताली और भारत को गाली’’ देना राहुल गांधी जी का किरदार बन गया है। विज ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जब भी राहुल गांधी देश से बाहर जाते हैं तो देश को नीचा दिखाने में कोई कौर-कसर नहीं छोडते हैं।
विज ने आज मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए यह भी कहा कि जब विदेशों से मंत्री भारत आते हैं और मंच से भारत की निंदा करते हैं तो ये (विपक्ष/राहुल गांधी) खिलखिलाकर हंसते हैं और तालियां बजाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी का किरदार हो गया है कि दुनिया में भारत को नींचा दिखाओ।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में श्री विज ने कहा कि जब विपक्ष/राहुल गांधी की सरकार थी तो श्रद्धाजंलियां देकर चली जाती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में जितनी भी हत्याएं हुई हैं, तो तत्कालीन सरकारों के दौरान कोई कदम नही उठाया गया है और कदम उठाया तो केवल प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने। उन्होंने कहा कि जब-जब भी पाकिस्तान ने दुस्साहस किया है तो पाकिस्तान को अंदर घुसकर मारा है और फिर मारेंगें, अगर वे अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आएंगे।
वहीं, अनिल विज ने आज कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री फूलचंद मुलाना के निधन पर दुख जताया और ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि फूलचंद मुलाना ने काफी लंबे समय तक राजनीति की और मंत्री भी रहे।