एस.ए.एस. नगर : पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज विद्यार्थियों को राज्य सरकार की अनूठी पहल ‘पंजाब दा करोड़पति’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए इसे युवाओं की बौद्धिक क्षमता को निखारने, उनके ज्ञान में वृद्धि करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक साबित होने वाला एक अभिनव मंच बताया।
रयात एंड बाहरा यूनिवर्सिटी खरड़ में विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई यह पहल राज्य सरकार की पंजाब के युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, ज्ञान और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की ओर लगाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपने ज्ञान को परखने, पंजाब की समृद्ध विरासत के बारे में अपनी समझ को व्यापक बनाने और एक करोड़ रुपये के मुख्य पुरस्कार सहित आकर्षक नकद पुरस्कार जीतने का अवसर प्रदान करेगी।
इस पहल के शैक्षणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री चीमा ने कहा कि पंजाब के इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं, अभिरुचि और शासन व्यवस्था से संबंधित व्यापक प्रश्न बैंक विद्यार्थियों के ज्ञान का दायरा बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि कांस्टेबल, पटवारी और पीसीएस जैसे पदों की भर्ती परीक्षाओं के प्रारूप के अनुरूप तैयार किए गए प्रश्न युवाओं को भविष्य की सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद करेंगे।
विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित करते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता के ऑनलाइन चरण 21 नवंबर, 2026 से शुरू होंगे। उन्होंने युवाओं से उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने ज्ञान, प्रतिभा तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता पंजाब के 15 से 30 वर्ष की आयु के निवासियों के लिए खुली है और इसमें कुल 11 चरण होंगे। पहले नौ चरण ऑनलाइन आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद राज्य के सभी 23 जिलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं और अंत में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा।
पुरस्कारों की जानकारी देते हुए श्री चीमा ने कहा कि राज्य स्तरीय विजेता को एक करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में स्थान प्राप्त करने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में कुल 10,000 प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
वित्त मंत्री ने कहा कि यह पहल केवल एक सामान्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा की पहचान से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि प्रश्नों के उत्तर देने के बाद प्रतिभागियों को सही उत्तरों की जानकारी मिलने से उन्हें लगातार सीखने और अपने सामान्य ज्ञान में सुधार करने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में पंजीकरण करवाने और प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ जैसी पहल युवाओं को शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने, उत्कृष्टता की भावना विकसित करने और प्रगतिशील एवं जीवंत पंजाब के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के चांसलर गुरविंदर सिंह बाहरा, उपकुलपति संजय कुमार, अल्फा स्कूल की डायरेक्टर पूजा शर्मा तथा ए.एस.ए.पी. के प्रतिनिधि हरमनप्रीत सिंह खोखर, रमनप्रीत सिंह टिंका और प्रभनूर सिंह बेदी ने भी विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।