मुंबई : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने नेपाल में फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे का किस्सा सुनाया। दरअसल, अमिताभ एक बार नेपाल में शूटिंग के दौरान कयाकिंग करने पहुंचे थे लेकिन इस दौरान उनकी नाव पलट गई और वह पानी के अंदर फंस गए। बिग बी ने यह किस्सा क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18' के एक एपिसोड में सुनाया।
शो के दौरान जब एक कंटेस्टेंट ने उनसे कयाकिंग के अनुभव के बारे में पूछा और बताया कि यह काफी मुश्किल और जोखिम भरा होता है, तो अमिताभ ने अपने साथ हुई घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कयाकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली नाव काफी पतली होती है और उसमें बैठना भी आसान नहीं होता। उन्हें खुद नाव के अंदर जाने में करीब आधे से पौने घंटे लग गए थे।
अमिताभ ने कहा, ''कयाकिंग में नाव चलाने के लिए एक चप्पू दिया जाता है और उसे सही दिशा में चलाने का तरीका भी होता है। नेपाल में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मुझे इस नाव की सवारी करने की सलाह दी थी। इसके बाद किसी तरह मैं नाव के अंदर बैठा लेकिन मुझे चप्पू सही दिशा में चलाना नहीं आया और नाव को एक तरफ मोड़ने के बजाय मैंने दूसरी तरफ मोड़ दिया। नतीजा यह हुआ कि नाव पलट गई और मैं पानी में गिर गया।"
अभिनेता ने कहा, ''मुझे पहले ही समझाया गया था कि अगर नाव पलट जाए तो पानी के अंदर से हाथ ऊपर की तरफ मारने चाहिए, ताकि नाव सीधी हो सके। अगर ऐसा न हो पाए तो दोनों हाथों को पानी के अंदर जोर-जोर से चलाना चाहिए, जिससे किनारे पर मौजूद लोगों को पता चल सके कि कोई डूब रहा है और उसे मदद की जरूरत है।''
अमिताभ ने कहा, ''नाव पलटने के बाद मैंने बाहर निकलने की पूरी कोशिश की। मैं पानी के अंदर से लगातार हाथ चला रहा था लेकिन काफी देर तक कोई मुझे बचाने नहीं आया। एक तो हम फिल्म की शूटिंग कर रहे थे और फिल्म का हीरो डूब रहा था। हालांकि, कुछ देर बाद झरने के किनारे मौजूद एक व्यक्ति की नजर मुझ पर पड़ी और उसने किसी तरह मुझे पानी से बाहर निकाला। नाव से बाहर निकलना भी आसान नहीं था। इसके लिए तीन से चार लोगों की जरूरत पड़ती है और मुझे बाहर निकालने में भी काफी परेशानी हुई थी।''
इसी एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने मशहूर हॉलीवुड निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन और उनकी फिल्म 'इंटरस्टेलर' की भी जमकर तारीफ की। दरअसल, शो में चेन्नई से आए एक कंटेस्टेंट ने अपने पेशे के बारे में बताया। वह खगोलशास्त्री हैं और तारों व अंतरिक्ष पर काम करते हैं। उनकी बात सुनकर अमिताभ ने इंसानी जीवन, साहित्य और फिल्मों में तारों के महत्व पर चर्चा की।
अमिताभ ने कहा, ''हमारे जीवन में तारों का बहुत महत्व है। खासकर उन लोगों के लिए, जो तारों के बारे में लिखते हैं। तारों पर कई लेख लिखे गए हैं और कविताओं में भी उनका जिक्र मिलता है। आज की पीढ़ी और मौजूदा दौर में अंतरिक्ष और तारों को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस विषय पर कई अच्छी फिल्में भी बन रही हैं।''
इसके बाद अमिताभ ने क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'इंटरस्टेलर' का जिक्र करते हुए कहा, ''यह बेहद शानदार फिल्म है। इसमें ब्लैक होल के बारे में जिस तरह की जानकारी दिखाई गई है, वह हैरान करने वाली है। नोलन बहुत ही मशहूर निर्देशक हैं और अपनी फिल्मों के लिए गहराई से रिसर्च करते हैं। 'इंटरस्टेलर' बनाने के लिए उन्होंने ब्लैक होल और अंतरिक्ष यात्रा से जुड़ी बातों पर काफी गहराई से रिसर्च की थी। फिल्म में दिखाए गए सीन्स और जानकारियों को तैयार करने के लिए उन्होंने खगोल विज्ञान से जुड़े वैज्ञानिकों की भी मदद ली थी।''
बता दें कि 'कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18' का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर होता है।