शिमला : राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि सोनिया गांधी ने लंबे समय तक देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्हें सत्ता के अंदर और बाहर रहने का लंबा राजनीतिक अनुभव है। उन्होंने ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व संभाला, जब पार्टी के सामने गंभीर चुनौतियां थीं। उनकी पुस्तक के माध्यम से उस दौर के राजनीतिक अनुभवों और इतिहास की जानकारी लोगों को मिलेगी। यह बात जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कही। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा के 12 साल के शासन के दौरान लोकतंत्र कमजोर हुआ है। न्यायपालिका, चुनाव आयोग, ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं की स्वतंत्रता प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के स्तंभों को एक-एक करके कमजोर किया गया है। नेगी ने भाजपा के लोकतंत्र बचाने के लिए सड़कों पर उतरने पर भी सवाल उठाए।
देश के कई राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और केंद्र में भी उसकी सत्ता है। ऐसे में भाजपा किससे लोकतंत्र को बचाने की बात कर रही है। नेगी ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की ओर से कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ आंदोलन करने और शिक्षकों के प्रदर्शन पर रोक लगाने को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक काम में माहिर है और वह है लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना। भाजपा और उससे जुड़े विचारकों का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि आर.एस.एस. की विचारधारा के लोगों की संविधान निर्माण में भी कोई भूमिका नहीं रही। ऐसे लोग संविधान और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुक्सान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। नेगी ने कहा कि जयराम ठाकुर हर दिन कुछ न कुछ बयान देते रहते हैं और कांग्रेस उन्हें ज्यादा महत्व नहीं देती।
जयराम बताएं, डबल इंजन सरकार में हिमाचल के लिए क्या किया
नेगी ने जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास प्रदेश में सत्ता के दौरान काम करने का सुनहरा अवसर था। उस समय प्रदेश की आर्थिकी सुधारने की बजाय अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने पर ध्यान दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का पैसा खर्च किया गया, लेकिन हिमाचल के हितों के लिए अपेक्षित काम नहीं हुए।
आपदा के बावजूद प्रदेश में नहीं रुके विकास कार्य
भाजपा के सत्ता में लौटने के दावों पर नेगी ने कहा कि भाजपा बताए कि वह किस आधार पर सरकार में वापसी की बात कर रही है। कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे होने जा रहे हैं। भारी प्राकृतिक आपदा और केंद्र सरकार के कथित सौतेले व्यवहार के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हिमाचल के हितों की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने दावा किया कि आपदा के बावजूद प्रदेश में नियमित विकास कार्य नहीं रुके।