चंडीगढ़ : कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी तथा संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के स्पष्ट निर्देशों पर चल रहे ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के तहत हरियाणा में ‘संविधान रक्षा अभियान’ और ‘वोट रक्षक अभियान’ को पूरी ताकत से चलाया जा रहा है। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के कड़े मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में यह अभियान अब सीधी टक्कर का रूप ले चुका है। कालका में आयोजित बैठक में कांग्रेस के विधायक, पूर्व विधायक और संगठन के पदाधिकारियों ने इस बैठक में शिरकत की। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने 26 नवंबर से पंचकूला से शुरू होने वाली संविधान रक्षा मार्च को लेकर कार्यकर्ताओं को ललकारते हुए कहा कि सत्ताधारी दल तानाशाही और गैर-कानूनी हथकंडों से लोगों का मताधिकार छीनकर सत्ता हथिया रहा है। इसके बाद आम जनता का जीना दूभर कर दिया जाता है। कांग्रेस हर मुद्दे और हर संघर्ष में जनता के साथ खड़ी है। यह संघर्ष तब तक नहीं रुकेगा जब तक भाजपा सरकार अपनी गलत और असंवैधानिक नीतियों से पीछे नहीं हटती, लोकतांत्रिक मतदान प्रणाली बहाल नहीं करती और मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त कर किसी जिम्मेदार व्यक्ति को यह पद नहीं सौंपती।
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने साफ कहा कि संविधान रक्षा मार्च सरकार को झकझोरने के लिए है। कांग्रेस कार्यकर्ता हर व्यक्ति तक पहुंचकर मौजूदा सरकार के अन्याय और असंवैधानिक कारनामों का पर्दाफाश करेंगे। उन्होंने बताया कि ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान पूरे प्रदेश में फैल चुका है क्योंकि कार्यकर्ताओं ने इसे सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है।
उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अभियान के साथ-साथ आम जनता के मुद्दों को भी मजबूती से उठाएं। जनसंपर्क कर उनकी समस्याओं को समझें, उनसे सीधा संवाद करें और जिला स्तर पर अधिकारियों पर दबाव बनाकर समस्याओं का समाधान करवाएं।
इस मौके पर पूर्व विधायक चंद्र मोहन, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, चेयरमैन सुनील शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील, राजेश कोना, विजय बंसल, अजय सिंगला, ओम प्रकाश, बलविंदर, भूरी बेगम सहित कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।