जींद : भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी एवं जींद के लाल युजवेंद्र चहल ने भारतीय जनता पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की है। उन्हें भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। उनकी इस नई पारी को लेकर हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
युजवेंद्र चहल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट साझा कर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि भाजपा परिवार में उन्हें स्थान और मान-सम्मान देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का वह हार्दिक आभार प्रकट करते हैं।
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने अपनी शुभकामना संदेश में कहा कि युजवेंद्र चहल ने अपनी खेल प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन से जींद, हरियाणा और पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। अब सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी नई पारी की शुरुआत के लिए वह मंगलकामनाएं करते हैं। हरियाणासमाचार ऐप
डॉ. मिड्डा ने विश्वास जताया कि चहल अपनी ऊर्जा, अनुभव और समर्पण से समाज एवं देशहित में सकारात्मक योगदान देंगे और भविष्य में भी जींद का गौरव बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने चहल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।