हरोली : उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत विकास खंड की 14 ग्राम पंचायतों को ई-रिक्शा सौंपे। उन्होंने ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 14 पंचायतों को ई-रिक्शा उपलब्ध करवाए गए हैं। इनके माध्यम से घर-घर जाकर कचरा एकत्रित किया जाएगा। आने वाले समय में ई-रिक्शा की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ई-रिक्शा सेवा से हरोली को स्वच्छ और ग्रीन बनाने के अभियान को गति मिलेगी। हरोली ने पिछले कुछ समय में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। इसमें क्षेत्रवासियों का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली को स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत स्तर पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने हरोली-दिल्ली वोल्वो बस सेवा का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा से क्षेत्र के लोगों को दिल्ली आने-जाने की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि हरोली में इलैक्ट्रिक बस डिपो शुरू किए जाने के बाद यहां अधिकांश बसें इलैक्ट्रिक उपलब्ध करवाई गई हैं। इन बसों का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरित परिवहन को बढ़ावा देना ‘क्लीन हरोली, ग्रीन हरोली’ की परिकल्पना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली के सीबीएसई स्कूल भवन के निर्माण के लिए 12.50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। भवन का डिजाइन और ड्राइंग तैयार कर ली गई है। स्कूल भवन को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूल का खेल मैदान पहले ही तैयार किया जा चुका है।