भारतीय रेल को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 के काम में उल्लेखनीय सफलता मिली है। इस उपलब्धि से सुरंग की खुदाई के दोनों हिस्से आपस में जुड़ गए हैं। इनमें सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर के पोर्टल-1 और मारोड़ा की ओर से 1.79 किलोमीटर लंबी सुरंग पोर्टल-2 की खुदाई शामिल है।
रेल मंत्रालय ने कल शुक्रवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। जिसके अनुसार, पोर्टल-1 (टी14P1) पर आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी से होकर तीन ट्रैक वाली सुरंग के 110 मीटर लंबे हिस्से की खुदाई की गई। इस हिस्से के ऊपर 20 से 30 मीटर तक मिट्टी और चट्टान की परत थी। सुरक्षित खुदाई के लिए खुदाई से पूर्व विशेष उपाय और मल्टी-ड्रिफ्टिंग (इस विधि में पूरी बड़ी सुरंग को एक साथ खोदने के बजाय, पहले उसके अंदर कई छोटे-छोटे क्षैतिज रास्ते खोदे जाते हैं और उन्हें सहारा देने के बाद आपस में जोड़कर पूरी सुरंग का आकार दिया जाता है) सहित विशिष्ट तकनीकों का उपयोग किया गया।
पोर्टल-2 (टी14पी2) पर 30 से 35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल्स, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग द्वारा ढलान को सुरक्षित किया गया। इन उपायों से सुरंग की मुख्य खुदाई का कार्य मार्च 2024 में आरंभ करना संभव हुआ। इससे पहले मारोड़ा में भू-धंसाव की समस्या तथा भूमि और मकानों के अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों का समाधान किया गया।