गुरु नानक जयंती के अवसर पर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहेंगे। इस दौरान इक्विटी के साथ डेरिवेटिव्स और अन्य सेगमेंट में भी कारोबार नहीं होगा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में पूरे दिन ट्रेडिंग बंद रहेगी। हालांकि, कमोडिटी मार्केट में आंशिक रूप से कारोबार जारी रहेगा।
एमसीएक्स पर शाम के सत्र में होगा कारोबार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कारोबार बंद रहेगा, जबकि शाम के सत्र में 5 बजे से रात 11:30 बजे तक सामान्य कारोबार होगा। वहीं, नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) पर पूरे दिन कारोबार बंद रहेगा।
नवंबर में दूसरी शेयर बाजार छुट्टी
गुरु नानक जयंती नवंबर महीने में पड़ने वाली शेयर बाजार की दूसरी निर्धारित छुट्टी है। इससे पहले 10 नवंबर को दीपावली-बलिप्रतिपदा के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहा था। इसके बाद 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर बाजार में कारोबार नहीं होगा।
पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट
छुट्टी से पहले सोमवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली थी। कारोबार समाप्त होने पर सेंसेक्स 1,483.72 अंक यानी 1.77% गिरकर 82,435.99 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 450.95 अंक यानी 1.75% टूटकर 25,349.65 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स ने 84,662 और निफ्टी ने 25,992 का स्तर छुआ
दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने अपने पिछले बंद स्तर 83,919.71 की तुलना में 84,662.96 का उच्चतम और 82,395.88 का निम्नतम स्तर छुआ। वहीं, निफ्टी ने पिछले बंद स्तर 25,800.60 के मुकाबले 25,992.60 का उच्चतम और 25,343.85 का निम्नतम स्तर दर्ज किया।
मेटल और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मेटल, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 3% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.3%, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 2% और निफ्टी ऑटो में 1% की गिरावट रही।
आईटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में तेजी
बाजार में चौतरफा बिकवाली के बीच निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा 1.69% की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए।