प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज 20 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे पुराना किला में प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय फोरम का मकसद क्षेत्र की समृद्ध और परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, लोगों के बीच रिश्तों को मजबूत करना तथा अंतर-सांस्कृतिक संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।
प्रस्ताव से लेकर मंच तक की यात्रा
यह पहल साल 2025 में चीन के तियानजिन में हुए एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री के उस प्रस्ताव से निकली है, जिसमें उन्होंने एससीओ के ढांचे के तहत सभ्यतागत संवाद के लिए एक समर्पित मंच बनाने की बात कही थी। बाद में एससीओ की बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया।
उद्घाटन समारोह में खास सांस्कृतिक प्रस्तुति
उद्घाटन के मौके पर ‘सभ्यताओं का संवाद – सांस्कृतिक प्रस्तुति’ नाम से एक विशेष कार्यक्रम होगा। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कथावाचन और वर्णन का अनोखा मिश्रण पेश किया जाएगा। ‘वसुधैव कुटुम्बकम – विश्व एक परिवार है’ थीम पर आधारित यह प्रस्तुति भारत और यूरेशिया के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करेगी।
प्रदर्शनियों में झलकेगी भारत की समृद्ध विरासत
फोरम के दौरान ‘अस्तित्व – हमारे अस्तित्व का सार’ शीर्षक से प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को दिखाया जाएगा। खासतौर पर 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के जरिए दिल्ली के इतिहास की झलक मिलेगी। उत्खनन से मिले अवशेष, पुरावशेष, वास्तुशिल्प के टुकड़े और अन्य महत्वपूर्ण खोजें शामिल होंगी।
साथ ही ‘महाभारत स्क्रॉल मंडप – अनंत’ में 18वीं शताब्दी की एक दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि प्रदर्शित की जाएगी। चित्रों से सजी यह हस्तलिखित पट्टिका भारत की महाकाव्य और कलात्मक परंपराओं की जीवंत मिसाल है।
दो दिनों में चार विषयगत सत्र
21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित होंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद्, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। सत्रों में चर्चा के मुख्य विषय होंगे:
-संगीत, प्रदर्शन कलाएं, वस्त्र, खान-पान और पारंपरिक खेल जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां
-कला एवं वास्तुकला की साझा परंपराएं
-लिपियों और पांडुलिपियों सहित भाषा एवं साहित्यिक परंपराएं
-मठवासी मार्ग और दार्शनिक परंपराएं
गौरतलब हो, यह फोरम एससीओ देशों की साझा सभ्यतागत जड़ों को फिर से जोड़ने और आपसी समझ बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।