जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल द्वारा माल परिवहन को बढ़ावा देने, नए माल यातायात को रेल नेटवर्क से जोड़ने तथा लोडिंग और राजस्व में वृद्धि के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम में अक्टूबर 2026 के दौरान पश्चिम मध्य रेल ने 4.97 मिलियन टन माल लोडिंग दर्ज करते हुए ₹551 करोड़ 73 लाख का राजस्व अर्जित किया।
गत वर्ष अक्टूबर माह की तुलना में इस वर्ष माल लोडिंग में 14.45 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अक्टूबर 2025 में 4.34 मिलियन टन माल लोडिंग हुई थी। वहीं, माल परिवहन से प्राप्त राजस्व में भी उल्लेखनीय 29.72 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो गत वर्ष के ₹425 करोड़ 31 लाख से बढ़कर इस वर्ष ₹551 करोड़ 73 लाख हो गया।
अक्टूबर माह के दौरान फूडग्रेन, लौह अयस्क, सीमेंट एवं फर्टिलाइजर सहित विभिन्न प्रमुख कमोडिटी की लोडिंग में वृद्धि दर्ज की गई। यह उपलब्धि पश्चिम मध्य रेल द्वारा माल ग्राहकों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने, नए माल स्रोतों को रेल नेटवर्क से जोड़ने तथा माल परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती है।
फूडग्रेन एवं लौह अयस्क लोडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि
अक्टूबर 2026 में पश्चिम मध्य रेल ने पिछले वर्ष की इसी माह की तुलना में फूडग्रेन लोडिंग में 239.29 प्रतिशत तथा लौह अयस्क लोडिंग में 180.77 प्रतिशत अधिक उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। इसके अतिरिक्त सीमेंट लोडिंग में 11.37 प्रतिशत तथा फर्टिलाइजर लोडिंग में 7.621 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
BDU के प्रयासों से नए फ्रेट ट्रैफिक एवं रेल राजस्व को मिल रहा बढ़ावा
पश्चिम मध्य रेल के वाणिज्य एवं परिचालन विभाग द्वारा जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों में फ्रेट लोडिंग की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही, बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) के माध्यम से व्यापारियों, उद्योगों एवं निजी क्षेत्र के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर नए माल परिवहन अवसरों की पहचान की जा रही है। मौजूदा ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अधिकाधिक माल परिवहन को रेल नेटवर्क से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल (GCT) एवं साइडिंग की संख्या और क्षमता बढ़ाने, नए गुड्स शेड विकसित करने तथा मौजूदा गुड्स शेड के उन्नयन की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इन पहलों से क्षेत्र में उपलब्ध खनिज संसाधनों, कच्चे माल एवं अन्य औद्योगिक वस्तुओं के रेल परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है। इससे उद्योगों एवं व्यापारियों को बड़े पैमाने पर सुरक्षित, विश्वसनीय एवं समयबद्ध माल परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ नए ग्राहकों को रेल नेटवर्क से जोड़ने में भी सहायता मिल रही है।
माल परिवहन को और सुदृढ़ करने पर जोर
पश्चिम मध्य रेल द्वारा फ्रेट लोडिंग में निरंतर वृद्धि, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के बेहतर उपयोग तथा ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वाणिज्य एवं परिचालन विभाग के समन्वित प्रयासों से नए फ्रेट अवसरों का विकास कर रेल परिवहन को अधिक प्रभावी एवं प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में कार्य जारी है। इन प्रयासों से रेल राजस्व में वृद्धि के साथ क्षेत्रीय औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।