जालंधर : जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया के नेतृत्व में स्थानीय रेड क्रॉस भवन में जिले के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के करीब 190 विद्यार्थियों को प्राथमिक सहायता, सी.पी.आर. एवं आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण मुहैया करवाया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को अप्रिय घटना या प्राकृतिक आपदा के समय सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी देना था ताकि ऐसे समय में जख्मी व्यक्तियों की मदद की जा सके।
ट्रेनिंग सेशन में सहायक कमिश्नर (जनरल) डॉ. (मेजर) वरुण कुमार ने शिरकत करते हुए विद्यार्थियों को समाज कल्याण के कार्यों एवं रेड क्रॉस द्वारा करवाई जाने वाली गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राथमिक सहायता, सी.पी.आर. एवं आपदा प्रबंधन संबंधी जानकारी हर व्यक्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल ने बताया कि सोसायटी द्वारा पहले भी जिले के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों को प्राथमिक सहायता, सी.पी.आर. एवं आपदा प्रबंधन संबंधी ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
ट्रेनिंग प्रोग्राम को सफल बनाने में जिला कमांडर पंजाब होम गार्ड्स-कम-एडिशनल कंट्रोलर सिविल डिफेंस, जालंधर की समूची टीम, लेक्चरार डॉ. अशोक सहोता एवं लेखाकार जिला रेड क्रॉस सोसायटी जालंधर नेक राम ने अहम भूमिका निभाई।