भारतीय मूल्यों और पारिवारिक रिश्तों पर बनी किसी भारतीय फिल्म को दुनियाभर में पसंद किया जाना अपने आप में खुशी की बात है। इन दिनों ऐसा ही कुछ सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के साथ देखने को मिल रहा है। यह फिल्म इस शुक्रवार यानी 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, आयुष्मान खुराना और शरवरी की इस फिल्म ने विदेशों में एडवांस बुकिंग के जरिए 1,02,400 अमेरिकी डॉलर (करीब 95.20 लाख रुपये) की कमाई कर ली है। यह आंकड़ा फिल्म के विशेष प्रदर्शन और पहले दिन की टिकट बिक्री का है। अब तक 18 देशों में 1,493 शो के लिए 7,047 टिकट बिक चुके हैं। इस मामले में अमेरिका सबसे आगे है। यहां फिल्म ने 865 शो में 4,904 टिकट बेचकर 75,700 अमेरिकी डॉलर की कमाई की है। व्यापार से जुड़े एक सूत्र ने बताया, "उत्तर अमेरिका में फिल्म का प्रदर्शन गुरुवार को हो रहा है, जो थैंक्सगिविंग का दिन है। यह भारत में फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले है। इस दिन परिवारों की छुट्टी होती है और विदेशों में रहने वाले भारतीयों के लिए राजश्री की फिल्में हमेशा से परिवार के साथ देखने का खास मौका रही हैं। यही बात टिकट बिक्री के आंकड़ों में भी दिखाई दे रही है।"
अमेरिका के बाद ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है, जहां फिल्म ने 12,600 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (8,372 अमेरिकी डॉलर) की कमाई की है। वहीं, ब्रिटेन में 3,702 पाउंड (4,851 अमेरिकी डॉलर), संयुक्त अरब अमीरात में 15,900 दिरहम (4,316 अमेरिकी डॉलर) और कनाडा में 3,265 कनाडाई डॉलर की एडवांस बुकिंग हुई है। नीदरलैंड के आंकड़े भी खास हैं, जहां केवल तीन शो में 2,044 यूरो की टिकट बिक्री हुई है। इसके अलावा न्यूजीलैंड, सऊदी अरब, ओमान, सिंगापुर और कुवैत से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
सूत्र ने आगे बताया, "फिल्म की रिलीज में अभी दो दिन बाकी हैं और इस समय तक एक लाख डॉलर से ज्यादा की एडवांस बुकिंग होना एक रोमांटिक पारिवारिक फिल्म के लिए बहुत अच्छी शुरुआत है। राजश्री की फिल्मों के 'प्रेम' किरदार को विदेशों में रहने वाले दर्शकों का हमेशा से प्यार मिलता रहा है। सूरज जी की फिल्मों को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया का फायदा भी मिलता है और वीकेंड के दौरान इनके कारोबार में बढ़ोतरी देखने को मिलती है।"
‘ये प्रेम मोल लिया’ विदेशों में शुक्रवार को रिलीज होने वाली दूसरी बड़ी फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ से भी काफी आगे चल रही है। इस फिल्म की विदेशों में पहले दिन की एडवांस बुकिंग अब तक 10 देशों में 461 टिकटों के साथ 5,587 अमेरिकी डॉलर (करीब 5.19 लाख रुपये) रही है।
फिल्म के दुनियाभर में वितरण की जिम्मेदारी यशराज फिल्म्स संभाल रही है। फिल्म को लेकर एक खास योजना बनाई गई है। इसके तहत ज्यादातर शो दोपहर, शाम और रात के समय रखे जा रहे हैं, क्योंकि परिवार आमतौर पर इन्हीं समयों पर फिल्म देखना पसंद करते हैं। इसके अलावा, शुरुआती वीकेंड में टिकटों के दाम बढ़ाने के बजाय सामान्य रखे गए हैं।
सूत्र ने इस बारे में बताया, "हमारा मकसद फिल्म को परिवारों के लिए आसानी से देखने लायक बनाना है। सूरज बड़जात्या की फिल्मों के दर्शक मुख्य रूप से परिवार ही होते हैं और हमारी पूरी योजना इसी बात को ध्यान में रखकर बनाई गई है।"
राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर बनाई गई इस फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा और सौम्या टंडन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है।
3,000 से ज्यादा सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही ‘ये प्रेम मोल लिया’ अब तक की दूसरी सबसे बड़ी राजश्री रिलीज बनने जा रही है। इससे पहले सलमान खान की फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ को दिवाली 2015 के दौरान 5,600 सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। यह राजश्री की अब तक की सबसे बड़ी रिलीज रही है।