सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव नहराना के पास करीब रात 1 बजे एक कार पीछे से तूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार जानकारी के मुताबिक, टियागो कार भट्टू से चौपटा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव नहराना के पास कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और आगे चल रही तूड़े से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अग्रोहा ले जाते समय तीसरे युवक ने तोड़ा दम
हादसे में तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे अग्रोहा रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। तीनों मृतकों की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हुई है। नाथूसरी चौपटा पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।