मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने इस बार हैलोवीन का त्योहार अपने परिवार के साथ कुछ अलग अंदाज में मनाया। इस मौके पर प्रीति ने डिज्नी की मशहूर फिल्म 'ब्यूटी एंड द बीस्ट' की राजकुमारी बेले का लुक अपनाया। वहीं, उनकी बेटी भी बेबी बेले के रूप में नजर आई। प्रीति ने सोशल मीडिया पर इस खास सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह अपने पति जीन गुडइनफ और बच्चों के साथ मस्ती करती दिखाई दे रही हैं।
प्रीति ने तस्वीरों के साथ एक प्यारा सा नोट भी लिखा। उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह अपने पड़ोस में बच्चों के साथ ट्रिक ऑर ट्रीटिंग करने और हैलोवीन के लिए तैयार होने का इतना इंतजार करेंगी, लेकिन उनकी छोटी राजकुमारी को प्रिंसेस के किरदार पसंद हैं और इसी वजह से अब यह त्योहार उनके लिए बेहद खास बन गया है।
अभिनेत्री ने लिखा, ''मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं पड़ोस में ट्रिक ऑर ट्रीटिंग करने और हैलोवीन की हर चीज का इतना इंतजार करूंगी। बेले की तरह तैयार होना भी मुझे बहुत पसंद आएगा। घर में एक छोटी राजकुमारी होना बहुत खास और थोड़ा नाटकीय भी है, जिसे राजकुमारियां बेहद पसंद हैं।''
प्रीति ने इस साल के सेलिब्रेशन को 'गुडइनफ हैलोवीन' नाम दिया। उन्होंने कहा, ''पूरा परिवार अलग-अलग किरदारों के कपड़े पहनकर पड़ोस में घूमने निकला था। हमारे परिवार में बड़ी बेले, छोटी बेले, राजा और उसका शूरवीर शामिल थे। पड़ोस में कई बच्चे अलग-अलग तरह की कॉस्ट्यूम पहनकर घूम रहे थे और सभी काफी उत्साहित थे।''
शेयर की गई तस्वीरों में प्रीति येलो कलर की खूबसूरत ड्रेस में बेले के किरदार में नजर आ रही हैं। वहीं, उनकी बेटी ने बेबी बेले का लुक कैरी किया है। अभिनेत्री के पति जीन गुडइनफ राजा के किरदार में दिखाई दिए, जबकि उनके बेटे ने शूरवीर की कॉस्ट्यूम पहनी। तस्वीरों में पूरा परिवार एक साथ काफी खुश नजर आ रहा है।
बता दें कि प्रीति जिंटा शादी के बाद से अपने पति जीन गुडइनफ और जुड़वां बच्चे जिया और जय के साथ अमेरिका के लॉस एंजिलिस में रहती हैं। अभिनेत्री अक्सर अपने परिवार के साथ बिताए खास पलों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं।
वहीं, फिल्मों की बात करें तो प्रीति जिंटा हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है। इनमें 'दिल चाहता है', 'कल हो ना हो', 'वीर-जारा' और 'कोई... मिल गया' जैसी फिल्में शामिल हैं।