चंडीगढ़ : पंजाब के खनन और भू-विज्ञान मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज बताया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की 'ज़ीरो-टॉलरेंस' नीति के तहत खनन विभाग ने अवैध खनन और खनिजों की गैर-कानूनी ढुलाई के विरुद्ध राज्य स्तरीय कार्रवाई को और तेज कर दिया है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 27 नवंबर को एस.बी.एस. नगर और लुधियाना जिलों में रात के समय विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान खनन नियमों के उल्लंघन संबंधी जांच के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष टीमें तैनात की गईं।
इस कार्रवाई के बारे में अधिक जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि रात भर चले इस अभियान के दौरान 200 से अधिक भारी वाहनों और टिपरों की जांच की गई। इनमें से पांच वाहन खनन नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन पांचों वाहनों के चालान काटे गए और उन्हें जब्त कर लिया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगभग 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि 'पंजाब माइनर मिनरल रूल्ज़ (पी.एम.एम.आर.), 2013' की धाराओं के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि विभाग ने अवैध खनन और खनिजों की गैर-कानूनी ढुलाई को प्रभावी ढंग से रोकने के लिए सख्त जांच, रात के समय गश्त और अचानक नाके लगाकर अपनी निगरानी प्रणाली को और मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि राज्य के खनिजों की रक्षा करने और सरकारी खजाने को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए लगातार सतर्कता बनाए रखना और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करना अत्यंत आवश्यक है।
वर्ष 2022 से 2026 तक विभाग द्वारा की गई कार्रवाइयों के बारे में जानकारी देते हुए श्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि इस अवधि के दौरान कुल 1,863 एफ.आई.आर. दर्ज की गईं और 4,050 चालान किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 28.85 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए, जिनमें से 27.68 करोड़ रुपये की वसूली कर ली गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष-वार आंकड़ों के अनुसार 2022 में 735 एफ.आई.आर. दर्ज की गईं और 802 चालान जारी किए गए, जबकि 0.89 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए और 0.88 करोड़ रुपये वसूले गए। वर्ष 2023 में विभाग ने 458 एफ.आई.आर. दर्ज कीं और 987 चालान किए, जिसके तहत 6.64 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए और 6.17 करोड़ रुपये की वसूली की गई। वर्ष 2024 के दौरान 294 एफ.आई.आर. दर्ज की गईं और 1,077 चालान किए गए, जिसके तहत 9.74 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए जिनमें से 9.56 करोड़ रुपये वसूले गए। वर्ष 2025 में 111 एफ.आई.आर. दर्ज की गईं और 454 चालान किए गए, जिसके परिणामस्वरूप 2.76 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए और 2.70 करोड़ रुपये की वसूली की गई। वर्ष 2026 के दौरान विभाग ने 265 एफ.आई.आर. दर्ज कीं और 730 चालान जारी किए, जिसके तहत 8.82 करोड़ रुपये के जुर्माने लगाए गए और 8.37 करोड़ रुपये की वसूली की गई।
खनन और भू-विज्ञान मंत्री ने आगे बताया कि विभाग ने अधिकतम राजस्व जुटाने और खनन कार्यों को और सुचारू बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की है। खनन से वर्ष 2021-22 में 124.75 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्त हुआ था, जो वर्ष 2022-23 में बढ़कर 247 करोड़ रुपये और 2023-24 में 288.75 करोड़ रुपये हो गया। वर्ष 2024-25 में 260 करोड़ रुपये राजस्व एकत्र हुआ, जिसके बाद भारी वृद्धि के साथ यह राजस्व वर्ष 2025-26 में 799 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वर्ष 2026-27 के दौरान विभाग ने रिपोर्टिंग अवधि तक पहले ही 379.73 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त कर लिया है, जिससे उक्त वित्तीय वर्षों के दौरान कुल राजस्व 2,053.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि यह वृद्धि राजस्व की बेहतर वसूली और विभाग द्वारा सुनिश्चित किए गए मजबूत प्रवर्तन तथा निगरानी प्रबंधों को दर्शाती है।
गैर-कानूनी खनन के विरुद्ध मान सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि खनिजों की गैर-कानूनी खुदाई, अवैध ढुलाई या खनन नियमों के किसी भी अन्य उल्लंघन में शामिल किसी भी व्यक्ति के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिसमें वाहनों को जब्त करना, चालान करना, जुर्माने वसूलना और आवश्यकता अनुसार एफ.आई.आर. दर्ज करना शामिल है।
कैबिनेट मंत्री ने विभाग को निर्देश दिए कि वह पूरी सतर्कता बरते और राज्य भर में रात के समय नाके लगाने, अचानक निरीक्षण करने और तालमेल वाले विशेष अभियानों को और तेज करे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने, खनन नियमों का पालन सुनिश्चित करने और राज्य के राजस्व की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में गैर-कानूनी खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।