साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर : श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा सजाई जा रही शोभा यात्रा के सुचारू आयोजन के लिए किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा हेतु डिप्टी कमिश्नर आदित्य डचालवाल ने आज जिले के सिविल एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
वाराणसी (काशी) से आरंभ होकर खुरालगढ़ साहिब जा रही यह शोभा यात्रा 2 दिसंबर, 2026 को
लालड़ू-डेराबस्सी-जीरकपुर मार्ग के माध्यम से जिला साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर में प्रवेश करेगी। मोहाली में रात्रि ठहराव के बाद यह 3 दिसंबर को जिला रूपनगर के लिए रवाना होगी।
डिप्टी कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला प्रशासन द्वारा जारी ड्यूटी आदेशों के अनुसार प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और गंभीरता से निभाए। उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा के पूरे मार्ग पर यातायात के सुचारू प्रबंध, संगत की सुरक्षा, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं और अग्निशमन प्रबंधों को सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नमन मड़कन, पी.सी.एस. समग्र सिविल प्रबंधों के लिए जिला नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। वह एस.एस.पी. द्वारा नामित वरिष्ठ पुलिस नोडल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे।
जिले में शोभा यात्रा का मार्ग लालड़ू, डेराबस्सी, जीरकपुर एयरपोर्ट लाइट्स (पटियाला रोड), एयरपोर्ट चौक मोहाली, आई.आई.एस.ई.आर. लाइट्स, फेज-11 और फेज-9 मोहाली, गुरुद्वारा अंब साहिब (फेज-3), गुरुद्वारा सोहाना साहिब, खरड़ और कुराली से होते हुए जिला रूपनगर की ओर जाएगा।
संबंधित उपमंडलों में एस.डी.एम. डेराबस्सी अमित गुप्ता, एस.डी.एम. मोहाली दमनदीप कौर और एस.डी.एम. खरड़ गुरमीत सिंह अपने-अपने क्षेत्रों में सिविल प्रबंधों के प्रभारी होंगे। एस.डी.एम. मोहाली दमनदीप कौर को मोहाली में शोभा यात्रा के रात्रि ठहराव संबंधी प्रबंधों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
डिप्टी कमिश्नर ने नगर निगम एस.ए.एस. नगर, गमाडा, लोक निर्माण विभाग (बी.एंड.आर.), पी.एस.पी.सी.एल., स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा अग्निशमन सेवाओं सहित सभी संबंधित विभागों को जमीनी स्तर पर तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़कों की मरम्मत, मार्गों में आने वाली पेड़ों की लटकती शाखाओं की छंटाई, बिजली की ढीली तारों को सुरक्षित करने, एंबुलेंस एवं चिकित्सा टीमों की तैनाती, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालयों तथा लंगर एवं ठहराव स्थलों पर पीने के पानी के उचित प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए। सभी विभागों के अधिकारियों को अपनी तैयारियों संबंधी अंतिम रिपोर्ट 1 दिसंबर, 2026 को शाम 5 बजे तक जिला नोडल अधिकारी के पास जमा करवाने के लिए कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (शहरी विकास) नमन मड़करन, एस.डी.एम. मोहाली एवं नगर निगम कमिश्नर दमनदीप कौर, सहायक कमिश्नर (जनरल) डॉ. अंकिता कंसल, एस.पी. (एच) नवरीत सिंह विर्क सहित अन्य वरिष्ठ सिविल एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।