स्पेन :स्पेन के मध्य क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए भीषण ट्रेन हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 180 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने यह जानकारी दी। महासचिव गुटेरेस ने पीड़ित परिवारों, स्पेन की जनता और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
हादसा कैसे हुआ?
टोलेडो प्रांत में मैड्रिड-सेविले रेल लाइन पर एक हाई-स्पीड ट्रेन ने उसी ट्रैक पर खड़ी दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, सरकारी रेलवे कंपनी रेन्फे की हाई-स्पीड ट्रेन ने निजी कंपनी इर्यो की वाणिज्यिक ट्रेन के पिछले हिस्से से टकराई। रेल सुरक्षा नियामकों और जांच एजेंसियों ने यह पता लगाने के लिए औपचारिक जांच शुरू कर दी है कि दो हाई-स्पीड यात्री ट्रेनें एक ही ट्रैक खंड पर कैसे पहुंच गईं।
राष्ट्रीय शोक और जांच का आश्वासन
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने दुर्घटना की न्यायिक और तकनीकी जांच कराने का आश्वासन दिया। टोलेडो में दुर्घटनास्थल के पास स्थापित आपातकालीन नियंत्रण केंद्र से पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांचेज ने कहा कि सरकार हादसे की परिस्थितियों की गहन जांच करेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया, “हम इस हादसे की तह तक जाएंगे। यदि मानवीय त्रुटि, परिचालन संबंधी लापरवाही या स्वचालित सुरक्षा प्रणाली में तकनीकी खामी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
बचाव और राहत कार्य जारी
प्रधानमंत्री ने बताया कि फिलहाल बचाव दलों का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को निकालने, प्रभावित परिवारों की सहायता करने तथा घायलों को तत्काल चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी पूरे देश को प्रभावित करने वाली है और पूरा स्पेन शोक में डूबा हुआ है। हादसे के बाद स्पेन में शोक की लहर फैल गई है, जबकि जांच एजेंसियां घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई हैं।