जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 9वीं राज्य रैली का आयोजन 1 नवंबर से 5 नवंबर 2026 तक रेलवे स्पोर्ट्स ग्राउंड, हबीबगंज रेलवे कॉलोनी, भोपाल में किया जाएगा। यह राज्य स्तरीय रैली पश्चिम मध्य रेल के प्रमुख आयोजनों में से एक है। इसमें पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय सहित भोपाल, जबलपुर एवं कोटा मंडलों से लगभग 400 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स एवं यूनिट लीडर्स भाग लेंगे। इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, टीमवर्क तथा सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
रैली के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रतिभागी अपनी प्रतिभा, कौशल, रचनात्मकता और संगठनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
इस राज्य रैली का ग्रैंड कैंपफायर एवं समापन समारोह 4 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
पश्चिम मध्य रेल की इस राज्य रैली का उद्देश्य स्काउट्स एवं गाइड्स के माध्यम से युवाओं में सेवा, सहयोग, अनुशासन एवं नेतृत्व की भावना को प्रोत्साहित करना तथा संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।