राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने साले को गोली मार दी। घटना मोहन रोड स्थित सलेमपुर पतौरा मोड़ के पास हुई। घायल युवक इमरान के पैर में गोली लगी है। उसे रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इमरान का अपने जीजा निसार के साथ रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके दौरान निसार ने इमरान को गोली मार दी। सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी निसार को हिरासत में ले लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के बाद निसार ने कथित तौर पर पिस्टल नरपत नामक व्यक्ति को दे दी और मौके से चला गया। पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के नशे में होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घायल की स्थिति सामान्य है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।