ग्रेटर नोएडा,: यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। जेवर एयरपोर्ट के पास नोएडा से महोबा जा रही एक निजी डबल डेकर टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
आग लगते ही बस में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई यात्रियों ने चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि ऊपरी हिस्से में बैठे कुछ यात्री बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलते ही जेवर पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बस के शीशे तोड़कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई।
शुरुआत में पुलिस ने किसी जनहानि की सूचना से इनकार किया था, लेकिन बाद में 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई। बस की छत पर भारी मात्रा में सामान लदा होने की जानकारी भी सामने आई है, हालांकि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और घायलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। एक्सप्रेसवे पर यातायात नियंत्रित कर जली हुई बस को हटाने की कार्रवाई जारी है।