नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लड़की और उसके दोस्त को धमकाया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, लड़की सोमवार शाम करीब सात बजे अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। पूजा के बाद दोनों करीब 7:30 बजे एक पार्क में गए। इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन व्यक्ति उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया।आरोप है कि तीनों ने लड़की और उसके दोस्त को धमकाया। एक आरोपी ने लड़की के दोस्त को पकड़ लिया, जबकि अन्य दो आरोपियों ने लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 8:45 बजे मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को चिकित्सीय जांच के लिए भेजा। लड़की के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए पार्क और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।