सुल्तानपुर: पुलिस ने मोबाइल टावरों में लगी महंगी डिवाइसों की चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए पांच अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। एसपी चारु निगम ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहात, अखंडनगर समेत जिले के आठ थानों में मुकदमे दर्ज थे। गिरोह सुल्तानपुर के अलावा जौनपुर और प्रतापगढ़ में भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले लखनऊ में ठहरकर टावरों की रेकी करते थे और ऐसे टावरों को निशाना बनाते थे, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते थे। गिरफ्तार आरोपी पहले भी गाजियाबाद में जेल जा चुके हैं। चोरी की गई डिवाइसों को दिल्ली में बेचने वाले लोगों की तलाश जारी है। मामले के सफल खुलासे पर एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।