गोरखपुर: पूर्वोत्तर रेलवे के जनसम्पर्क विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने 55061/55062 नकहा जंगल (गोरखपुर)-डालीगंज (लखनऊ)-नकहा जंगल सवारी गाड़ी के संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस नई रेल सेवा का शुभारम्भ 26 मई, 2026 को गोंडा स्टेशन से 05065 गोंडा-डालीगंज उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा। गोंडा स्टेशन पर सुबह 11:30 बजे आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में गोंडा विधायक प्रतीक भूषण सिंह तथा विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह भी मौजूद रहेंगे।
समारोह में लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता भी भाग लेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस ट्रेन का नियमित संचालन डालीगंज (लखनऊ) से 26 मई, 2026 तथा नकहा जंगल (गोरखपुर) से 27 मई, 2026 से प्रारम्भ होगा। ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10 तथा एसएलआरडी के 2 कोच सहित कुल 12 कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे का मानना है कि इस नई रेल सेवा से नकहा जंगल (गोरखपुर) और डालीगंज (लखनऊ) के बीच यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों तथा स्थानीय लोगों को किफायती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का लाभ प्राप्त होगा। इसके साथ ही क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन का लाभ पड़ोसी देश नेपाल के यात्रियों को भी मिलेगा। नेपाल से आने वाले यात्री बढ़नी अथवा सिद्धार्थनगर के रास्ते लखनऊ, गोरखपुर और देश के अन्य हिस्सों तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे।